गाडियां सडक के बायीं ओर क्यों चलती है?


जानें क्यों भारत में गाडियां सड़क के बायीं ओर और अमेरिका में दायीं ओर चलती हैं?


भारत में गाड़ियां सड़क के बायीं ओर चलती है और मोटरकार की स्टेयरिंग दायीं ओर होती है, जबकि अमेरिका सहित अधिकांश पश्चिमी देशों में गाडियां सड़क के दायीं ओर चलती है और मोटरकार की स्टेयरिंग बायीं ओर होती है. लेकिन क्या आपको इसके पीछे का कारण मालूम है? यदि आप इस प्रश्न के उत्तर से अनभिज्ञ हैं तो इस लेख को पढ़ने के बाद अवश्य जान जाएंगे कि क्यों भारत में गाडियां सड़क के बायीं ओर चलती है और अमेरिका में दायीं ओर चलती है.

सड़क पर चलने के नियम की शुरूआत विश्व के सभी देशों में सड़क पर चलने से संबंधित नियम की शुरूआत अलग-अलग समय में हुई थी, लेकिन आपको यह जानकर आश्चर्य होगा कि पुराने जमाने में विश्व के अधिकांश देशों में सड़क के बायीं ओर ही चलने की परंपरा थी और 18वीं शताब्दी में पहली बार सड़क के दायीं ओर चलने की परंपरा की शुरूआत हुई थी.

सड़क पर चलने से संबंधित नियम का पहला वास्तविक पुरातात्विक साक्ष्य रोमन साम्राज्य से प्राप्त होता है. उन साक्ष्यों के अध्ययन से पता चलता है कि रोमन साम्राज्य के नागरिक सड़कों पर बायीं ओर चला करते थे. इस बात का स्पष्ट प्रमाण उपलब्ध नहीं है कि रोमन साम्राज्य के लोग सड़क पर बायीं ओर ही क्यों चला करते थे, लेकिन पूरे मध्यकाल के दौरान सड़क पर बायीं ओर ही चलने की परंपरा थी.

मध्यकाल के दौरान सड़कों पर चलना यात्रियों के लिए हमेशा सुरक्षित नहीं होता था और उन्हें सड़क पर दूसरी ओर से आने वाले डाकू एवं लुटेरों से बचना भी होता था. चूँकि अधिकतर लोग दायें हाथ से काम करने वाले होते थे, इस वजह से सड़क पर बायीं ओर चलते हुए तलवारबाज अपने दाहिने हाथ में तलवार रखते थे और दुश्मनों पर आसानी से हमला कर पाते थे. इसके अलावा सड़क पर बायीं ओर चलते हुए लोग मार्ग में मिलने वाले ईष्ट-मित्रों को दाएं हाथ से आसानी से दुआ सलाम कर पाते थे. 1300 ईस्वी में, पोप बॉनिफेस अष्टम ने आदेश दिया कि दुनिया के विभिन्न देशों से रोम की ओर आने वाले लोगों को अपनी यात्रा के दौरान सड़क पर बायीं ओर चलने के नियम का पालन करना चाहिए. इसके बाद 17वीं शताब्दी के अंत तक लगभग सभी पश्चिमी देशों में सड़क पर बायीं ओर चलने के नियम का ही अनुसरण किया गया.


पहली बार सड़क पर दायीं ओर चलने के नियम की शुरूआत


18वीं शताब्दी में संयुक्त राज्य अमेरिका में “टीमस्टर्स” की शुरुआत हुई थी. यह एक बड़ा वैगन होता था, जिसे घोड़ों की एक टीम खींचती थी. इन वैगनों पर ड्राइवरों के लिए बैठने हेतु सीट नहीं होते थे. अतः ड्राइवर सबसे बाएं घोड़े पर बैठता था और दाएं हाथ से चाबुक के द्वारा सभी घोड़ों को नियंत्रित करता था. लेकिन इसके कारण अमेरिकी लोगों को सड़क पर बायीं ओर चलने के नियम में बदलाव करना पड़ा और वे सड़क पर दायीं ओर चलने के नियम का अनुसरण करने लगे.


इस बदलाव की प्रमुख वजह यह थी कि सबसे बाएं घोड़े पर बैठकर सड़क पर दायीं ओर चलते हुए पीछे से या आगे से आने आले वैगनों पर नजर रखना आसान था. 1792 में सर्वप्रथम अमेरिका के पेन्सिल्वेनिया प्रान्त में सड़क पर दायीं ओर चलने के नियम को लागू किया गया और 18वीं शताब्दी के अंत तक यह नियम पूरे संयुक्त राज्य अमेरिका और कनाडा में अनुसरण किया जाने लगा.

0 टिप्पणियाँ:

Thank you for comment